प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज में शुक्रवार देर रात बलीपुर–नागनाथपुर नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में चका गांव निवासी 28 वर्षीय विनोद कुमार पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, विनोद कुमार अपनी बहन उजाला पटेल और भतीजी मुस्कान के साथ फूलपुर थाना क्षेत्र के चिरौड़ा गांव में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार जलालपुर नागनाथपुर निवासी प्रशांत कुमार और हिमांशु पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाकर घर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि सर्विस रोड पर फैली बालू के कारण दोनों बाइकें फिसलकर संतुलन खो बैठीं, जिससे यह दुर्घटना हुई।
घटना की सूचना पर उतराव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। मृतक विनोद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विनोद खेती-बाड़ी से जुड़ा था और उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।