प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के यमुनापार स्थित नैनी इलाके में गैस सिलेंडर की कमी से परेशान उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को एक गैस एजेंसी पर जमकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग कराने और घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। मामला नैनी की प्रियदर्शनी गैस एजेंसी का बताया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोग गैस लेने पहुंचे थे।
उपभोक्ताओं का कहना है कि वे सुबह से ही सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे थे, लेकिन एजेंसी की ओर से यह कहकर वापस लौटा दिया गया कि गैस उपलब्ध नहीं है। लोगों का आरोप है कि बिना गैस उपलब्ध हुए ही बुकिंग कराई जा रही है। कई उपभोक्ता देर रात तक सर्वर चालू होने का इंतजार कर बुकिंग करते हैं, लेकिन इसके बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
नैनी निवासी राजेंद्र नाथ तिवारी ने आरोप लगाया कि वह सुबह से लाइन में खड़े थे और ट्रक में आए सात सिलेंडरों में उनका सातवां नंबर था। जब उनका नंबर आया तो कर्मचारियों ने कह दिया कि सिलेंडर खत्म हो गए हैं, जबकि उनके सामने ही सिलेंडर किसी और को दे दिया गया। इसी तरह एडीए निवासी दिव्यांशु ने दावा किया कि उन्होंने वर्ष 2026 में कोई बुकिंग नहीं कराई, फिर भी उनके नाम पर सिलेंडर की डिलीवरी दिखा दी गई।
सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ता एजेंसी के बाहर काफी देर तक हंगामा करते रहे। आरोप है कि स्थिति बिगड़ती देख एजेंसी का मैनेजर और कर्मचारी वहां से चले गए। उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। उधर कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति पर रोक से होटल, ढाबा और नाश्ते की दुकान चलाने वाले भी परेशान हैं और कई दुकानदार अब कोयले की भट्टी के सहारे काम चलाने की बात कह रहे हैं।