प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के नैनी क्षेत्र के मड़ौका गांव में एक बेहद सनसनीखेज और अमानवीय वारदात सामने आई है। पिता की समाधि पर लघुशंका करने से रोकने पर 45 वर्षीय राजेश कुमार निषाद उर्फ नेता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पिटाई के बाद बेहोश हुए राजेश के मुंह में लोहे की सरिया घुसेड़ दी गई। इस मामले में मऊ जनपद के चिरई कोट थाने में तैनात एक सिपाही समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
राजेश निषाद पेंटिंग का ठेका लेते थे और उनके घर के पास एक गेस्ट हाउस में गुरुवार रात शादी समारोह था। पड़ोसी नन्हकऊ कनौजिया की बेटी की शादी में आई बरात के दौरान एक युवक राजेश के पिता की समाधि स्थल पर लघुशंका करने लगा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और बराती व घराती पक्ष के कुछ लोगों ने राजेश पर हमला कर दिया। आरोप है कि बेरहमी से मारपीट के बाद जब वह अचेत हो गए तो उनके मुंह में सरिया डाल दी गई।
घटना के बाद आरोपित शव को पास के खाली प्लॉट में फेंककर फरार हो गए। काफी तलाश के बाद परिजनों को राजेश का शव वहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। राजेश की पत्नी संगीता बेसुध हैं, जबकि उनके बेटे मान-शान और बेटी लाडो का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसीपी करछना के अनुसार, नामजद आरोपितों में मऊ पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सुनील कुमार कनौजिया समेत रतन कनौजिया, अंकित कनौजिया, बंटी कनौजिया, अभिषेक उर्फ राहुल और राजेश कनौजिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद संजय गेस्ट हाउस में आई बरात बिना द्वारपूजा के ही लौट गई। हत्या की खबर मिलते ही दूल्हा कार से नहीं उतरा और बराती वापस चले गए, जिससे गांव में शादी का माहौल मातम में बदल गया।