प्रयागराज न्यूज डेस्क: महाशिवरात्रि पर संगम नगरी में स्नान के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मेला पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया है। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और जाम से बचाव के लिए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन किया गया है। बैरहना की ओर से आने वाले वाहन सेमेट्री रोड स्थित रामजानकी मंदिर से दाहिने मुड़कर त्रिवेणी मार्ग (थाना-कीडगंज) के सामने से सतीशाह चौराहा, कोठापार्चा और लाउडर रोड होते हुए गऊघाट व पुराने पुल की ओर जा सकेंगे। वहीं गऊघाट और यमुना बैंक रोड यू सर्किल की दिशा से कोई भी वाहन मनकामेश्वर मंदिर की ओर नहीं जा सकेगा।
काली मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हेलीपैड और किसान यूनियन पार्किंग निर्धारित की गई है। यहां वाहन खड़े कर श्रद्धालु पैदल संगम मार्ग से संगम स्नान घाट, हनुमान घाट और रामघाट पहुंच सकेंगे। गल्ला मंडी पार्किंग में वाहन खड़ा कर काली-02 मार्ग से मोरी रैम्प और किलाघाट मार्ग होते हुए काली उत्तरी घाट, मोरी घाट, शिवाला घाट और दशाश्वमेध घाट तक जाया जा सकेगा।
प्लाट नंबर-17 पार्किंग से पैदल काली मार्ग के जरिए अपर संगम मार्ग और प्रमुख स्नान घाटों तक पहुंचने की व्यवस्था है। नागवासुकी पार्किंग से रिवर फ्रंट मार्ग के माध्यम से नागवासुकी स्नान घाट जाया जा सकेगा। टीकरमाफी महुआबाग पार्किंग और महावीर मार्ग स्थित सतुआ बाबा आश्रम पार्किंग से भी त्रिवेणी मार्ग और संगम लोवर मार्ग के जरिए स्नान घाटों तक पहुंचने का प्रबंध किया गया है।
देवरख कछार पार्किंग से सोमेश्वर महादेव रैंप मार्ग द्वारा महादेव घाट तक पहुंचा जा सकेगा, जबकि नवप्रयागम पार्किंग से अरैल बांध रोड, अरैल घाट और चक्रमाधव घाट तक पैदल मार्ग तय किया गया है। परम पूज्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती आश्रम के पास स्थित पार्किंग से भी श्रद्धालु पांटून पुल नंबर दो, महावीर घाट और रामघाट तक जा सकेंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।