प्रयागराज न्यूज डेस्क: सदर बाजार चौराहे पर स्थित एक आभूषण की दुकान में गुरुवार देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शटर टेढ़ाकर अंदर घुसे बदमाश 15 किलो से अधिक चांदी और करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी गए गहनों की अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गंगानगर नेवादा राजापुर निवासी प्रियांशु वर्मा की यह दुकान है। वह गुरुवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह सामने रहने वाले नीरज यादव ने फोन कर बताया कि दुकान का शटर टेढ़ा दिख रहा है। मौके पर पहुंचकर प्रियांशु ने देखा कि दरवाजे का शीशा टूटा हुआ है और अंदर रखे सोने-चांदी के गहने गायब हैं। सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारी भी वहां इकट्ठा हो गए।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और उंगलियों के निशान लिए। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और डीवीआर कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर सुनील कुमार के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश के लिए दो पुलिस टीमों के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।
घटना से व्यापारियों में रोष है। बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंचे और जल्द खुलासे की मांग की। उद्योग व्यापार मंडल और इलाहाबाद ज्वेलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।