प्रयागराज न्यूज डेस्क: राजगढ़ स्टेशन पर लालगढ़-प्रयागराज एक्सप्रेस के ठहराव की बरसों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के प्रयासों और रेल मंत्री की अनुशंसा पर यह फैसला लिया गया। बुधवार को ट्रेन के पहले ठहराव को लेकर राजगढ़ स्टेशन पर खुशी का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में स्थानीय नेता, व्यापारी संघ और सैकड़ों नागरिकों ने भाग लिया और भारत माता की जयकारों से माहौल देशभक्ति से भर गया।
इस ऐतिहासिक मौके पर भाजपा नेता बन्नाराम मीणा ने लोको पायलट हेमंत वर्मा का माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्हें पारंपरिक साफा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सतीश दुहारिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश दीक्षित और व्यापार संघ अध्यक्ष बसंत गुप्ता समेत अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। ट्रेन के स्वागत के दौरान स्टेशन परिसर उत्सव स्थल में तब्दील हो गया।
स्थानीय लोगों ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और रेल मंत्री का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन मास्टर विजय मीणा, डीसीएम और वाणिज्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। सभी ने ट्रेन ठहराव के इस महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत किया।
ठहराव की खुशी में लोगों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिला प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संस्थाएं, पूर्व मंडल अध्यक्ष, भाजपा कार्यकर्ता और पार्षद उपस्थित रहे। वर्षों की यह प्रतीक्षित मांग पूरी होने से इलाके के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।