प्रयागराज न्यूज डेस्क: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद पर बटुकों से दुष्कर्म का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने अपनी सुरक्षा की मांग की है। सोमवार को उन्होंने जिला अदालत में पॉक्सो के विशेष न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई।
इस मामले में विशेष न्यायाधीश विनोद कुमार चौरसिया ने अर्जी पर सुनवाई के लिए 13 मार्च की तारीख तय की है। अदालत में दायर प्रार्थनापत्र में कहा गया है कि मामले से जुड़े नाबालिग बच्चों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
दरअसल, आशुतोष ब्रह्मचारी की अर्जी पर कोर्ट ने पहले झूंसी थाने में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, मुकुंदानंद और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थनापत्र में यह भी कहा गया है कि किशोर न्याय बोर्ड के प्रावधानों के तहत बच्चों को तुरंत सुरक्षा दी जानी चाहिए। साथ ही आरोप लगाया गया है कि रविवार को रीवा एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला हुआ, जिसमें उनकी नाक में चोट आई है। इस घटना की जांच गवर्नमेंट रेलवे पुलिस, प्रयागराज कर रही है।