प्रयागराज न्यूज डेस्क: नैनी थाना क्षेत्र के चक दाउद नगर मुहल्ले में बुधवार को किराए के कमरे में रहने वाले 16 वर्षीय किशोर प्रिंस मौर्य का शव पंखे के फंदे पर लटकता मिला। कमरे से दुर्गंध आने पर लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। मोहल्ले वालों के अनुसार, प्रिंस को आखिरी बार चार दिन पहले देखा गया था।
प्रिंस मौर्य कौशांबी जिले के थाना कड़ा धाम के देवीगंज बाजार निवासी राम प्रसाद मौर्य के बेटे थे। वह बीते छह माह से नैनी के चक दाउद नगर में किराए के कमरे में रहता था और एक निजी कंपनी में कार्यरत था। पुलिस को कमरे में एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें प्रेम प्रसंग और विवाद का जिक्र किया गया है। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले प्रिंस की नैनी में रहने वाली एक युवती से झगड़ा हुआ था। लड़की ने आरोप लगाया कि प्रिंस अक्सर उसे सुसाइड की धमकी देता था।
पुलिस ने कमरे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। प्रिंस सोशल मीडिया के माध्यम से युवती के संपर्क में आया था और संपर्क बढ़ने के बाद अपने घर वालों की नाराजगी के चलते नैनी में किराए का कमरा लेकर रहने लगा। उसके कमरे में अधिकांश समय अकेले बिताने की जानकारी मोहल्ले वालों ने दी।
परिवार ने बताया कि प्रिंस की बहन प्रिया मौर्य के नंबर पर युवती ने कुछ आपत्तिजनक सामग्री भेजी थी, जिससे विवाद बढ़ा। पुलिस सुसाइड नोट और मोबाइल फोन की जांच कर रही है। प्रिंस की मौत के बाद युवती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।