प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के यमुनापार स्थित मांडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जहां एक ही गांव के सात बच्चे गंगा नदी में नहाने के दौरान डूब गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि मांडा के बामपुर गांव के ये सभी बच्चे सुबह करीब 11 बजे गंगा घाट पर नहाने पहुंचे थे। नहाते वक्त कुछ बच्चे गहरे पानी में चले गए और उन्हें बचाने के प्रयास में बाकी बच्चे भी डूबने लगे, जिससे सभी सातों पानी में समा गए।
मौके पर मौजूद लोगों और आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से मोहित, दिव्यांशु और अमन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि कुनाल और ऋषभ को बाहर निकालने के बाद मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। निहाल और दीपक अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। डीसीपी विवेक चंद्र यादव के अनुसार, दो बच्चों की मौत हो चुकी है और दो की तलाश लगातार जारी है।