प्रयागराज न्यूज डेस्क: मंगलवार को घने कोहरे के कारण रेल और विमान सेवाओं में भारी असर देखने को मिला। प्रयागराज व हमसफर एक्सप्रेस दोपहर में प्रयागराज स्टेशन पहुंचीं, लेकिन यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू की उड़ानों में भी कोहरे की वजह से देरी हुई।
प्रयागराज एक्सप्रेस लगभग छह घंटे और हमसफर एक्सप्रेस सात घंटे 15 मिनट की देरी से प्रयागराज पहुंची। सोमवार की हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस मंगलवार को 16 घंटे 24 मिनट देरी से पहुंची। नई दिल्ली वंदे भारत चार घंटे, बनारस वंदे भारत तीन घंटे 30 मिनट और आगरा से चलने वाली वंदे भारत छह घंटे 30 मिनट लेट रही।
गोरखपुर से आने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस रामबाग स्टेशन पर एक घंटे, कालिंदी एक्सप्रेस छह घंटे 30 मिनट, नेताजी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और कामायनी एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से प्रयागराज पहुंची। इससे यात्रियों की परेशानियां बढ़ गईं और स्टेशन पर भीड़ देखने को मिली।
विमान सेवाओं पर भी कोहरे का असर रहा। एलायंस एयर की नई दिल्ली-प्रयागराज फ्लाइट निर्धारित समय से ढाई घंटे विलंब से पहुंची। इंडिगो की भुवनेश्वर और बंगलूरू फ्लाइट्स क्रमशः डेढ़ घंटे और 1 घंटे 24 मिनट लेट हुईं। मुंबई की फ्लाइट 45 मिनट की देरी से उड़ान भर सकी।