प्रयागराज न्यूज डेस्क: अब तक आपने ट्रेन के डिब्बे में बैठकर सफर किया होगा, लेकिन जल्द ही प्रयागराज में ट्रेन के इंजन के अंदर बैठकर खाना खाने का अनोखा अनुभव भी मिलेगा। प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन पर देश का पहला 'रेल लोको रेस्टोरेंट' तैयार किया जा रहा है। इसके लिए करीब 85 टन वजनी एक रिटायर्ड इलेक्ट्रिक इंजन को शानदार रेस्टोरेंट में बदल दिया गया है। इसका ज्यादातर काम पूरा हो चुका है और दिसंबर 2026 से इसे आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है।
यह रेस्टोरेंट प्रयागराज छिवकी स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में करीब 5 हजार वर्ग फीट जगह पर बनाया गया है। इसके निर्माण के लिए पुराने इंजन के भारी पुर्जों को हटाकर अंदर आधुनिक सुविधाएं तैयार की गई हैं। इस इंजन को दो हिस्सों में प्रयागराज लाया गया था। इसका निचला हिस्सा यानी व्हील कानपुर से और ऊपरी ढांचा बनारस से लाया गया। इसके बाद दोनों हिस्सों को जोड़कर रेस्टोरेंट का रूप दिया गया। एक साथ यहां 46 लोग बैठकर खाना खा सकेंगे। इसके अलावा बाहर ओपन सिटिंग एरिया भी बनाया गया है।
रेल लोको रेस्टोरेंट की खासियत यह होगी कि यह 24 घंटे खुला रहेगा। यहां उत्तर भारतीय और दक्षिण भारतीय व्यंजन मिलेंगे। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यह पूरी तरह शाकाहारी रेस्टोरेंट होगा। ट्रेन से देर रात आने-जाने वाले यात्रियों के साथ स्थानीय लोग भी यहां खाना खा सकेंगे। इतना ही नहीं, घर बैठे जोमैटो और दूसरे ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए भी यहां से खाना मंगाया जा सकेगा।
50 लोगों को मिलेगा रोजगार, 10 साल के लिए दिया गया ठेका
इस रेस्टोरेंट के शुरू होने से करीब 50 लोगों को सीधे रोजगार मिलने की उम्मीद है। साथ ही रेलवे को भी इससे कमाई होगी। रेलवे ने इसके संचालन की जिम्मेदारी 10 साल के लिए झांसी की एक फर्म को दी है। फर्म के प्रोपराइटर पर्वत सिंह यादव ने बताया कि मार्च में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू हुआ था। उनके मुताबिक, पुराने इंजन को आधुनिक रेस्टोरेंट में बदलना काफी चुनौतीपूर्ण काम था। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए यह पहल की गई है। टूंडला, मिर्जापुर, कानपुर और प्रयागराज में रेल कोच रेस्टोरेंट पहले से चल रहे हैं। छिवकी के लोको रेस्टोरेंट को मिलने वाली प्रतिक्रिया के आधार पर दूसरे स्टेशनों पर भी ऐसी सुविधा शुरू करने पर विचार किया जाएगा।