प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के यमुनापार इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल के तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 9 साल के छात्र यजदान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सुबह करीब 6:30 बजे इरादतगंज स्थित स्कूल के सामने हुई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि स्कूल पहुंचने में महज एक मिनट की देरी होने पर बच्चे को अंदर आने नहीं दिया गया, जिसके बाद उसे अकेले घर लौटना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह यजदान के पिता मुस्तकीम उसे स्कूल छोड़ने आए थे। स्कूल के सामने से ही प्रयागराज-मुंबई रेलमार्ग गुजरता है, जिसे पार करके बच्चे स्कूल पहुंचते हैं। बताया जा रहा है कि मुस्तकीम बेटे को स्कूल के पास छोड़कर घर लौट गए थे। इसी बीच स्कूल का मुख्य गेट बंद हो गया। परिजनों का आरोप है कि तय समय से करीब एक मिनट देर होने के कारण स्कूल प्रशासन ने यजदान को प्रवेश नहीं दिया और उसे वापस घर जाने के लिए कह दिया।
इसके बाद बच्चा अकेले ही लौटने लगा। स्कूल के सामने रेलवे लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बच्चे की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर में हंगामा किया और तोड़फोड़ की।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए लोगों को शांत कराने की कोशिश की। भीड़ के आक्रोश को देखकर स्कूल में मौजूद छात्र और स्टाफ भी सहम गए। फिलहाल, परिजनों की ओर से स्कूल प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों को लेकर मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।