प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के यमुनापार और गंगापार इलाके में बुधवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। घूरपुर थाना क्षेत्र के हथिगन गांव के पास बरात से लौट रहे 38 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे मिला। उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई। वहीं, थरवई इलाके में कार की टक्कर से बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
पहली घटना घूरपुर थाना क्षेत्र के हथिगन गांव की है। करछना के लकटहा पनासा गांव निवासी प्रकाश तिवारी उर्फ बंटी बुधवार शाम अपने एक साथी के साथ बबुरा तलिया से घूरपुर गई बरात में शामिल होने पहुंचे थे। देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हथिगन गांव की मजार के पास प्रकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद उनका साथी मौके से चला गया। सड़क किनारे शव देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद प्रकाश के मोबाइल से उनके परिवार को घटना की जानकारी दी।
प्रकाश चार भाइयों में सबसे बड़े थे और घर पर ही रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी नेहा और 14 साल की बेटी पलक हैं। उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। घूरपुर थाना प्रभारी हरकेश सिंह के मुताबिक, प्रकाश के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का लग रहा है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।
दूसरी घटना गंगापार के थरवई इलाके की है। बन केसरी गांव निवासी 30 वर्षीय आशीष कुमार भारतीय बुधवार रात बसमहुआ गांव के एक गेस्ट हाउस में बरात में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे रास्ते में एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए बनी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थरवई पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। आशीष पान की पुलिया बाजार में पान-सुपारी की दुकान चलाते थे। परिवार में पत्नी अनीता देवी, छह साल की बेटी अंशिका और तीन साल का बेटा अयान है। उनकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।