ताजा खबर

प्रयागराज में पुलिस चौकी के सामने लूट का खुलासा, दो आरोपी हिरासत में; 6 हजार रुपये बरामद

Photo Source : Google

Posted On:Tuesday, November 10, 2026

प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज में छोटी दिवाली की रात पुलिस चौकी के ठीक सामने पिस्टल दिखाकर हुई लूट की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों प्रयागराज जंक्शन के आसपास के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने लूट में शामिल होने की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई रकम में से 6 हजार रुपये बरामद किए हैं। हालांकि, पीड़ित का मोबाइल फोन अभी नहीं मिला है।

यह वारदात 7 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे लीडर रोड पुलिस चौकी के सामने हुई थी। करेली के निहालपुर निवासी 25 वर्षीय बावर्ची मोहम्मद महताब उर्फ मोनू से तीन बदमाशों ने पिस्टल के दम पर 18 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया था। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें तीन संदिग्ध एक साथ जाते दिखाई दिए। इसी आधार पर मंगलवार को दो युवकों को हिरासत में लिया गया।

पहले करते रहे इनकार, पूछताछ में कबूली वारदात

पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए दोनों युवक शुरुआत में लूट की घटना में शामिल होने से इनकार करते रहे। हालांकि, पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर 6 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस अब बाकी रकम और लूटे गए मोबाइल की तलाश कर रही है। वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

सीसीटीवी फुटेज से मिला आरोपियों का सुराग

लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने लीडर रोड चौकी और आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में तीन संदिग्ध एक साथ जाते नजर आए। एक अन्य कैमरे में पीड़ित महताब भी दिखाई दिया था। इन तस्वीरों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान करने और उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान मंगलवार को दो युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई।

काम के 18 हजार रुपये लेकर लौट रहा था महताब

करेली के निहालपुर निवासी मोहम्मद महताब उर्फ मोनू बावर्ची का काम करता है। उसने पुलिस को बताया था कि 7 नवंबर को उसे एक दिन पहले किए गए काम के बदले 18 हजार रुपये मिले थे। रात करीब 9:30 बजे वह ऑटो से प्रयागराज जंक्शन के पास उतरा और पैदल अपने घर की ओर जा रहा था।

इसी दौरान लीडर रोड पुलिस चौकी के सामने तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि दो बदमाशों ने पीछे से उसे पकड़ लिया, जबकि तीसरे ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसकी जेब से 18 हजार रुपये और मोबाइल निकालकर तीनों फरार हो गए।

शिकायत दर्ज कराने के लिए दो थानों के लगाए चक्कर

महताब वारदात के बाद शिकायत लेकर शाहगंज थाने पहुंचा था। आरोप है कि वहां से उसे खुल्दाबाद थाने भेज दिया गया। खुल्दाबाद पुलिस ने उसे फिर शाहगंज जाने को कह दिया। काफी देर तक दोनों थानों के बीच भटकने के बाद वह लीडर रोड चौकी के पास पहुंचा और डायल-112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पहले डायल-112 की टीम और फिर खुल्दाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। महताब ने बताया था कि आरोपियों में से एक खुल्दाबाद इलाके का रहने वाला है।

पुलिस की गश्त के बावजूद चौकी के सामने हुई थी लूट

दीपावली के मद्देनजर शहर में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई थी। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर भी पुलिसकर्मी तैनात थे। इसके बावजूद पुलिस चौकी के सामने पिस्टल दिखाकर हुई लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। शुरुआत में पुलिस ने मामले को संदिग्ध माना था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद जांच आगे बढ़ी और अब दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।


प्रयागराज और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. prayagrajvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.