उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और समाजवादी पार्टी तथा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान द्वारा ‘अब्दुल’ शब्द के अर्थ और उसके इस्तेमाल को लेकर दी गई टिप्पणी पर अब एआईएमआईएम के पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद ने तीखा तंज कसा है।
एक वीडियो संदेश जारी कर इसरार अहमद ने आजम खान की धार्मिक समझ पर सवाल उठाते हुए तल्ख टिप्पणी की और कहा कि लंबे समय तक जेल में रहने के कारण शायद उनकी सोच व समझ प्रभावित हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अरबी संदर्भ में ‘अब्दुल’ का अर्थ ईश्वर का सेवक या बंदा होता है, जबकि आजम खान ने इसे ईश्वर के नामों से जोड़कर प्रस्तुत किया है।
इस विवाद की जड़ एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान से जुड़ी है, जिसमें उन्होंने राजनीतिक रैलियों और प्रतिनिधित्व के संदर्भ में ‘अब्दुल सिर्फ दरी नहीं बिछायेगा’ की बात कहते हुए मुस्लिम समुदाय की राजनीतिक हिस्सेदारी का मुद्दा उठाया था। इस पर हाल ही में जेल से रिहा हुए आजम खान ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे आपत्तिजनक बताया था और ओवैसी से माफी की मांग की थी। अब एआईएमआईएम नेताओं के पलटवार से साफ है कि आगामी चुनावों के मद्देनजर पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक राजनीतिक दलों के बीच शब्दों और प्रतीकों के जरिए धार तेज की जा रही है।