कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा तट पर बसी काशी एक बार फिर देव दीपावली के भव्य और आध्यात्मिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। पौराणिक मान्यता है कि इस विशेष तिथि पर देवता स्वर्ग लोक से उतरकर काशी
के घाटों पर दीपोत्सव मनाते हैं, और जब अर्धचंद्राकार घाटों पर लाखों मिट्टी के दीये एक साथ प्रज्वलित होते हैं तो संपूर्ण तट आलोकित हो उठता है।
राज्य सरकार के ‘विरासत और विकास’ तथा ‘आस्था के साथ आर्थिकी’ के दृष्टिकोण के तहत इस पर्व को केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित न रखकर आध्यात्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया है।
इस आयोजन की चमक का सीधा संबंध जमीनी स्तर की आजीविका से भी जुड़ता है। घाटों को रोशन करने वाले मिट्टी के दीये कुम्हारों के परिश्रम से तैयार होते हैं, वहीं तेल, बाती और पुष्प सामग्री से जुड़े स्थानीय उत्पादकों व कारीगरों को भी बाजार मिलता है। इसके साथ ही गंगा की लहरों पर नौका संचालन करने वाले नाविकों और मल्लाह परिवारों के लिए देव दीपावली आय के महत्वपूर्ण अवसरों में से एक मानी जाती है। इस तरह सांस्कृतिक परंपराओं के व्यापक विस्तार के साथ काशी की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलती है।