प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज में शुक्रवार को एक महिला हाईकोर्ट परिसर के पास पानी की टंकी पर चढ़ गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। घटना एकलव्य चौराहे के पास की बताई जा रही है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू कर दी।
महिला टंकी के ऊपर से कुछ पत्र नीचे फेंक रही है। इन पत्रों में ग्राम सभा भगवतपुर और एयरपोर्ट थाना क्षेत्र से जुड़े एक भूखंड के मामले का जिक्र है। इसके साथ ही प्राचीन हनुमान मंदिर को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ी बातें भी पत्रों में लिखी गई हैं।
नीचे मौजूद पुलिसकर्मी लगातार महिला से बातचीत कर रहे हैं और उसे समझाकर नीचे लाने की कोशिश की जा रही है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
पत्रों पर महिला का नाम पूनम दुबे पत्नी ननकू दुबे लिखा हुआ है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों की कोशिश है कि महिला को सुरक्षित तरीके से टंकी से नीचे उतारा जाए। साथ ही उसके टंकी पर चढ़ने की वजह और पत्रों में किए गए दावों को भी समझने की कोशिश की जा रही है।