प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज में मंगलवार को रेलवे ट्रैक पर दो अलग-अलग हादसे हुए। प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर ट्रेन की चपेट में आने से 35 वर्षीय कुली जतन निषाद की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 9:50 बजे की है, जब कानपुर-चित्रकूट इंटरसिटी स्टेशन पर पहुंच रही थी। वहीं, फाफामऊ में कान में मोबाइल की लीड लगाकर रेलवे ट्रैक पार कर रहा 28 वर्षीय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आर्थिक तंगी से परेशान थे कुली जतन निषाद
जतन निषाद मूल रूप से प्रयागराज के लालापुर थाना क्षेत्र के बमौर गांव के रहने वाले थे। वह शहर के करेलाबाग इलाके में किराए के कमरे में रहते थे और पिछले 15 साल से प्रयागराज जंक्शन पर कुली का काम कर रहे थे। उनके साथ काम करने वाले कुलियों के मुताबिक, जतन लंबे समय से आर्थिक परेशानी से जूझ रहे थे। स्टेशन पर काम कम मिलने के कारण परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी परेशानी के चलते उन्होंने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। हालांकि, मौत की असली वजह जांच के बाद ही साफ होगी। परिवार में उनकी पत्नी, 10 साल का बेटा और एक बेटी हैं।
सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही जीआरपी
जीआरपी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है। घटना की असली वजह पता लगाने के लिए प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। जांच में मिले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फाफामऊ में ट्रेन की चपेट में आने से युवक के दोनों पैर कटे
दूसरी घटना फाफामऊ के मातादीन का पूरा गांव के सामने हुई। मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय 28 वर्षीय शशांक सिंह ट्रेन की चपेट में आ गए। वह थरवई थाना क्षेत्र के कोरसंड गांव के रहने वाले हैं और राहुल सिंह के बेटे हैं। बताया जा रहा है कि शशांक कान में मोबाइल की लीड लगाकर पटरी पार कर रहे थे, तभी प्रयागराज से लखनऊ जा रही गंगा-गोमती ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलने पर फाफामऊ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शशांक को इलाज के लिए स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पार करते समय कान में मोबाइल की लीड लगी होने की बात सामने आई है।