प्रयागराज न्यूज डेस्क: सोमवार को प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर पिपरी और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई मकान भी इसकी चपेट में आ गए। जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। विस्फोट के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मनौरी में बस्ती से कुछ दूरी पर स्थित एक मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे। मकान के ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे हैं। सोमवार दोपहर अचानक मकान से धुआं उठता दिखाई दिया। इसके कुछ देर बाद एक के बाद एक पटाखे फटने लगे और तेज धमाकों से आसपास के लोग सहम गए। विस्फोट की चपेट में आने से कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस और स्थानीय लोग मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे रहे।
हादसे के बाद आसपास का इलाका खाली कराया गया है, ताकि किसी दूसरी घटना का खतरा न रहे। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है, जबकि मौके पर एंबुलेंस और रेस्क्यू टीमें मौजूद हैं। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि विस्फोट किस वजह से हुआ। पुलिस और संबंधित अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि मकान में पटाखा बनाने और रखने की अनुमति थी या नहीं और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज कराने और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने राहत और उपचार कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा है। वहीं, पुलिस-प्रशासन की टीमें अब विस्फोट की वजह और पटाखा फैक्ट्री से जुड़े पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।