प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज में मंगलवार रात लोको पायलट की सतर्कता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। मुंबई से वाराणसी जा रही बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12167) के सामने रेलवे ट्रैक पर लोहे का पाइप रखा मिला। समय रहते पाइप दिखाई देने पर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।
यह घटना मंगलवार रात करीब 8:45 बजे इरादतगंज और लिंक जंक्शन के बीच हुई। रेड सिग्नल होने के कारण लोको पायलट आर.के. खरे पहले ही ट्रेन की रफ्तार धीमी कर चुके थे। इसी दौरान उनकी नजर ट्रैक पर पड़े लोहे के पाइप पर पड़ी और उन्होंने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रेन रुकने के बाद सहायक लोको पायलट सत्येंद्र इंजन से नीचे उतरे और पाइप को ट्रैक से हटाया। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। करीब छह मिनट बाद आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया।
बुधवार को जीआरपी और आरपीएफ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार शाम एक युवक रेलवे ट्रैक के आसपास घूमता देखा गया था, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। पुलिस को आशंका है कि उसी ने ट्रैक पर पाइप रखा होगा। हालांकि, जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही हैं।