प्रयागराज न्यूज डेस्क: संगम नगरी प्रयागराज में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। दीपावली के बाद जहां लोगों को ठंड की दस्तक का इंतजार था, वहीं हवा की दिशा बदलने और बढ़ी हुई नमी ने गर्मी और उमस को वापस बुला लिया है। पिछले दो दिनों में तापमान में अचानक से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 20 अक्टूबर को जहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे था, वहीं अब यह बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अधिकतम तापमान भी 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों में शहर का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार सुबह नमी का स्तर 83 प्रतिशत और शाम को 72 प्रतिशत रहा, जिससे हवा में भारीपन महसूस किया गया। सुबह के वक्त थोड़ी ठंडक जरूर महसूस होती है, लेकिन जैसे-जैसे दिन बढ़ता है, धूप और बंद हवाएं फिर से पसीना छुड़ाने वाली गर्मी लेकर आती हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि यह उतार-चढ़ाव मौसमी बदलाव का हिस्सा है। अभी कुछ दिनों तक मौसम में गर्माहट बनी रहेगी, लेकिन अक्टूबर के आखिरी सप्ताह से उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं फिर से सक्रिय होंगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाएं भी उत्तर भारत में गर्मी का असर बढ़ा रही हैं।
आम तौर पर दीपावली के बाद प्रयागराज में ठंडी हवाएं चलने लगती हैं, लेकिन इस बार हवा की दिशा पूर्वी और दक्षिणी होने से ठंड की शुरुआत टल गई है। लोग अब भी बेसब्री से ठंडी हवाओं और सुबह-शाम की ठिठुरन के लौटने का इंतजार कर रहे हैं।