प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के मांडा इलाके में शनिवार शाम करीब 4 बजे तेज हवाओं के साथ अचानक बारिश शुरू हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक लगातार हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई और दोपहिया वाहन भी पानी में बंद हो गए।
बारिश का सबसे ज्यादा असर मुख्य बाजार और गांवों को जोड़ने वाली सड़कों पर दिखाई दिया। तेज पानी के बहाव के कारण रास्तों पर जलभराव हो गया और राहगीरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं, खेतों में पहले से जमा पानी के चलते किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि उन्होंने हाल ही में धान की फसल में खाद डाली थी, लेकिन बारिश के पानी के तेज बहाव में खाद एक खेत से दूसरे खेत में बह गई। किसान अभिजीत यादव, रमेश तिवारी और पंकज पटेल ने बताया कि पिछले 15 से 20 दिनों से खेतों में पानी भरा हुआ है। पानी की निकासी नहीं होने से धान की जड़ें सड़ने लगी हैं और पौधे पीले पड़ रहे हैं।
किसानों को डर है कि अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा तो धान की पूरी फसल बर्बाद हो सकती है। उनका कहना है कि इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन लगातार बारिश और जलभराव ने चिंता बढ़ा दी है। किसानों ने प्रशासन से खेतों से पानी निकालने की व्यवस्था कराने, फसल नुकसान का सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।