प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज नगर निगम की पूर्व उपाध्यक्ष और लूकरगंज की पार्षद सुनीता दरबारी का रविवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। सोमवार को रसूलाबाद घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में शहर के जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अंतिम संस्कार में महापौर गणेश केसरवानी, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता और विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी समेत कई जनप्रतिनिधि और पार्षद मौजूद रहे। पार्षद अमरजीत सिंह, दीपक कुशवाहा, शिवकुमार भारतीय, भगवान दास, दीपिका सिंह पटेल, सुनील केसरवानी, अनिल कुशवाहा, मिथिलेश सिंह और नामित पार्षद अखिलेश सिंह समेत अन्य लोगों ने भी दिवंगत सुनीता दरबारी को श्रद्धांजलि दी।
सुनीता दरबारी लंबे समय से सार्वजनिक जीवन से जुड़ी थीं। वह वर्ष 2006 में पहली बार पार्षद चुनी गई थीं और 2023 में दूसरी बार लूकरगंज से पार्षद बनीं। 2023 में वह प्रयागराज नगर निगम कार्यकारिणी की सदस्य चुनी गईं और निर्विरोध उपाध्यक्ष बनी थीं। उन्हें नगर निगम कार्यकारिणी की पहली महिला उपाध्यक्ष होने का गौरव भी हासिल था।
उनके निधन की खबर के बाद लूकरगंज और नगर निगम क्षेत्र में शोक का माहौल है। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने नम आंखों से सुनीता दरबारी को अंतिम विदाई दी।