प्रयागराज न्यूज डेस्क: चंदौली जिले के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत मुंगारी हरदुआ गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग का शव गांव के पास स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी 60 वर्षीय देवी प्रसाद के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार देवी प्रसाद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं। दो बेटे रोजगार के सिलसिले में सूरत में रहते हैं और एक सप्ताह पहले ही वापस गए थे। वहीं छोटा बेटा अपनी मां के साथ गांव में रह रहा है। परिजनों ने बताया कि देवी प्रसाद आधी रात के बाद घर से बाहर निकले थे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने परिवार को सूचना दी कि उनका शव हाईटेंशन टावर पर फंदे से लटका हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है, हालांकि अभी तक इस संबंध में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं सौंपी गई है।
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी कमलेश पटेल ने बताया कि फिलहाल परिवार की ओर से किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।