प्रयागराज न्यूज डेस्क: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले प्रयागराज से मुंबई जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने वाली है। अकासा एयर ने 1 अक्टूबर से प्रयागराज-मुंबई रूट पर रोजाना उड़ान सेवा फिर शुरू कर दी है। सितंबर में इस रूट पर फ्लाइट सिर्फ सोमवार को चल रही थी, लेकिन अब अक्टूबर में हफ्ते के सातों दिन विमान उड़ान भरेगा। इससे शनिवार को भी प्रयागराज एयरपोर्ट से फ्लाइट सेवा शुरू हो जाएगी।
अकासा एयर की यह रोजाना सेवा फिलहाल सिर्फ अक्टूबर तक रहेगी। नवंबर में फ्लाइट सप्ताह में छह दिन चलेगी और शनिवार को सेवा नहीं होगी। वहीं दिसंबर में इसे पांच दिन कर दिया जाएगा। दिसंबर में बुधवार और शनिवार को फ्लाइट नहीं चलेगी। एयरलाइन ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अक्टूबर में रोजाना उड़ान चलाने का फैसला किया है।
फ्लाइट शेड्यूल के मुताबिक, मुंबई से विमान दोपहर 12:55 बजे रवाना होकर 3:15 बजे प्रयागराज पहुंचेगा। वापसी में प्रयागराज से फ्लाइट शाम 4:05 बजे उड़ान भरेगी और 6:30 बजे मुंबई पहुंचेगी। प्रयागराज से मुंबई का किराया करीब 5 हजार रुपये और मुंबई से प्रयागराज का किराया करीब 7 हजार रुपये बताया गया है। टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है।
प्रयागराज एयरपोर्ट पर शनिवार की उड़ान सेवा 4 जुलाई से बंद थी। बताया गया है कि 24 मई 2020 के लॉकडाउन के बाद यह पहली बार था जब शनिवार को एयरपोर्ट पर कोई विमान नहीं उतरा। 30 सितंबर को एयरपोर्ट पर सिर्फ एक विमान आया, जिससे 159 यात्री प्रयागराज पहुंचे और 152 यात्री रवाना हुए। एयरपोर्ट निदेशक गणेश यादव के मुताबिक, उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए एयरलाइंस से बातचीत चल रही है। फिलहाल 1 अक्टूबर से मुंबई के लिए अकासा एयर की रोजाना सेवा उपलब्ध रहेगी।