प्रयागराज न्यूज डेस्क: वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर शुक्रवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्ग के लोग भी जुटे। महिलाएं ऑरेंज साड़ी में सजी हुई थीं और सभी ने हाथ में तिरंगा लेकर एक स्वर में वंदे मातरम् का गायन किया। भारत माता की जय के नारे भी गूंजे। कार्यक्रम में पूर्व सांसद केसरी देवी पटेल, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि इस आयोजन में केवल भाजपा के लोग ही नहीं बल्कि समाज के सभी वर्ग के लोग भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में 150 स्थानों पर यह कार्यक्रम एक साथ आयोजित किया गया, और प्रयागराज भी इसमें शामिल रहा।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने बताया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सभी भारतीयों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करता है।