प्रयागराज न्यूज डेस्क: शास्त्री पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद होने के बाद प्रयागराज में तेलियरगंज और फाफामऊ के बीच यातायात का दबाव तेजी से बढ़ गया है। इसका सबसे ज्यादा असर आजाद सेतु पर देखने को मिल रहा है, जहां लगातार लंबा जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में वर्षों से आम वाहनों के लिए बंद पड़े 121 साल पुराने कर्जन ब्रिज (पुराना गंगा रेल-सह-सड़क पुल) पर दोपहिया वाहन चालकों ने खुद ही आवाजाही शुरू कर दी है।
आजाद सेतु पर बढ़ते ट्रैफिक और घंटों लगने वाले जाम से बचने के लिए बड़ी संख्या में बाइक और स्कूटर सवार अब कर्जन ब्रिज का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसका असर यह है कि जहां आजाद सेतु पर चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, वहीं पुराने पुल पर दोपहिया वाहन बिना किसी रुकावट के गुजर रहे हैं। इससे आजाद सेतु पर जाम की स्थिति में भी कुछ राहत मिली है।
दरअसल, पिछले महीने शास्त्री पुल की मरम्मत के चलते भारी वाहनों और रोडवेज बसों का संचालन आजाद सेतु से शुरू किया गया था। टू-लेन आजाद सेतु पर अचानक बढ़े ट्रैफिक दबाव के कारण रोजाना भीषण जाम की स्थिति बनने लगी। इससे परेशान स्थानीय लोगों और दोपहिया वाहन चालकों ने कर्जन ब्रिज पर लगी बैरिकेडिंग हटाकर वहां से आवागमन शुरू कर दिया।
शुरुआत में पुलिस ने पुराने पुल से गुजरने वालों को रोकने की कोशिश की, लेकिन अब दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं लगाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कर्जन ब्रिज खुलने से उन्हें राहत जरूर मिली है, हालांकि आजाद सेतु पर ट्रैफिक का दबाव अब भी पूरी तरह कम नहीं हुआ है।