प्रयागराज न्यूज डेस्क: प्रयागराज के थरवई इलाके में एक युवती ने चार कार सवार युवकों पर अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक, घटना रविवार शाम की है, लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। मामले को लेकर पीड़िता और उसके परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम वह घर से कुछ दूरी पर सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान कार सवार युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया और एक सुनसान जगह पर ले गए। आरोप है कि वहां युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद रात करीब 12 बजे उसे घर के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सोमवार को पीड़िता की ओर से थरवई थाने में चारों युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई। पीड़िता सोमवार को पूरे दिन थाने में बैठी रही, लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ। मंगलवार को भी पुलिस मामले की जांच में जुटी रही।
थरवई एसीपी यजेंद्र यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पुलिस को मिल चुकी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसीपी के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पुष्टि करने में जुटी है।