बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म वेलकम टू द जंगल, को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था, जिसने फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया। अब मेकर्स ने फिल्म का नया गाना ‘घिस घिस घिस’ रिलीज कर दिया है, जो आते ही सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है।
इस खास गाने में अक्षय कुमार का बिल्कुल अलग और देसी अंदाज देखने को मिल रहा है। वीडियो में वह भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ जमकर डांस करते नजर आ रहे हैं। अक्षय ने शॉर्ट कुर्ता-पायजामा पहन रखा है, साथ ही लंबे बाल और हल्की दाढ़ी वाला लुक उन्हें पूरी तरह देसी स्टाइल दे रहा है। वहीं अक्षरा सिंह साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं और दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आ रही है।
‘घिस घिस घिस’ को पूरी तरह भोजपुरी फ्लेवर में तैयार किया गया है। गाने के बोल भी भोजपुरी भाषा में हैं, जो इसे और ज्यादा मजेदार बनाते हैं। गाने में गांव की मस्ती, देसी बीट्स और रंगीन माहौल देखने को मिलता है। अक्षय कुमार ने पहली बार इतने खुलकर भोजपुरी स्टाइल में डांस किया है, जिसे फैंस काफी एन्जॉय कर रहे हैं।
गाने के बोल गीतकार अभिनव शेखर ने लिखे हैं, जबकि इसे विक्रम मोन्ट्रोसे और सुप्रिया पाठक ने अपनी आवाज दी है। रिलीज के बाद से ही यह गाना यूट्यूब और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है।
फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी मल्टीस्टारकास्ट है। फिल्म में सुनील शेट्टी, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडीज, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, तुषार कपूर और राजपाल यादव जैसे कई बड़े सितारे नजर आने वाले हैं।
इस फिल्म का निर्देशक अहमद खान ने किया है, जबकि इसे फिरोज ए. नाडियाडवाला समेत कई निर्माताओं ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। कॉमेडी, एक्शन और मनोरंजन से भरपूर यह फिल्म 26 जून 2026 को सिनेमा में रिलीज होगी।
Check Out The Song-